Srinagar : जम्मू-कश्मीर के सोनमर्ग हाईवे पर मंगलवार सुबह अमरनाथ यात्रा पर जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक बस दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में पलट गई। हादसे में करीब 30 श्रद्धालु घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। राहत की बात यह रही कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पुलिस के अनुसार, बस बालटाल बेस कैंप की ओर जा रही थी। इसी दौरान गंड के हरिगनीवान इलाके में स्थित एस-मोड़ (S-curve) के पास चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बस सड़क से फिसलकर करीब 20 से 25 मीटर नीचे ढलान पर लुढ़कते हुए एक मकान की छत पर जाकर रुक गई।
बस (नंबर AR-11D-5655) में लगभग 50 श्रद्धालु सवार थे। हादसे में 30 यात्रियों को मामूली चोटें आईं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार और चिकित्सकीय जांच के लिए कंगन अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसएचओ रईस अहमद के नेतृत्व में गंड पुलिस, आईटीबीपी, सीआरपीएफ की 118वीं बटालियन, 2 असम राइफल्स, 21 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर), यात्रा पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों और स्थानीय लोगों की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।





