New Delhi/ Ranchi: भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर केंद्र सरकार ने 10 मई को रांची में होने वाली पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक को रद्द कर दिया है। यह निर्णय सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
गृह मंत्रालय ने इस संबंध में बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल की सरकारों को आधिकारिक सूचना भेज दी है। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को शामिल होना था। वह 9 मई को रांची पहुंचने वाले थे, लेकिन अब उनकी यात्रा भी स्थगित कर दी गई है।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत यह बैठक झारखंड की राजधानी रांची में होनी थी, जिसमें चार राज्यों के मुख्यमंत्री और अन्य वरिष्ठ अधिकारी हिस्सा लेने वाले थे।
गौरतलब है कि हाल ही में सीमा पर भारत-पाकिस्तान के बीच हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों की सलाह पर केंद्र सरकार ने यह फैसला लिया है, जिससे किसी भी संभावित खतरे से बचा जा सके।
अब यह देखना होगा कि बैठक की अगली तारीख कब तय की जाती है और क्या यह वर्चुअल माध्यम से आयोजित होगी या किसी अन्य स्थान पर।



