- कांके में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी का मामला, पीड़ित ने थाने में दी शिकायत; सीसीटीवी से आरोपी की पहचान की मांग
मुकेश रंजन
Ranchi : कांके थाना क्षेत्र में एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे एक व्यक्ति को मदद का झांसा देकर उसका एटीएम कार्ड बदलने और बैंक खाते से 50 हजार रुपये निकाल लेने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित ने कांके थाना में लिखित शिकायत देकर पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित के अनुसार, वह सुबह करीब 9:45 बजे पीएनबी के एटीएम से पांच हजार रुपये निकालने पहुंचा था। इसी दौरान एटीएम के अंदर मौजूद एक व्यक्ति ने मदद करने के बहाने उसका कार्ड अपने हाथ में ले लिया। कुछ ही क्षणों में उसने चालाकी से पीड़ित का असली एटीएम कार्ड बदलकर दूसरा कार्ड उसके हाथ में थमा दिया। उस समय पीड़ित को कार्ड बदले जाने का पता नहीं चला।
कुछ देर बाद उसके मोबाइल पर बैंक खाते से रुपये निकाले जाने के लगातार संदेश आने लगे। संदेश देखकर पीड़ित के होश उड़ गए। शिकायत के अनुसार, सुबह 9:59 बजे पीएनबी एटीएम से 20 हजार रुपये, इसके बाद करीब 10 बजे फिर 20 हजार रुपये और 10:18 बजे एसबीआई एटीएम से पांच हजार रुपये निकाले गए। इस तरह अलग-अलग एटीएम से कुल 50 हजार रुपये की निकासी कर ली गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने तत्काल मामले की शिकायत कांके पुलिस से की। उसने पुलिस से संबंधित एटीएम के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपी की पहचान करने और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही बैंक खाते से निकाली गई राशि वापस दिलाने की भी गुहार लगाई है।
एटीएम इस्तेमाल करते समय रहें सतर्क
इस घटना ने एक बार फिर एटीएम से लेन-देन के दौरान सतर्कता बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है। बैंक ग्राहकों को सलाह दी जाती है कि एटीएम में किसी अनजान व्यक्ति से मदद लेने से बचें और अपना कार्ड किसी अन्य व्यक्ति को न दें। कार्ड बदलने जैसी ठगी में कुछ ही मिनटों के भीतर खाते से बड़ी रकम निकाली जा सकती है।



