- उपायुक्त के आदेश के बावजूद नही हुई सफाई, ग्रामीणों में आक्रोश
Barkatha : प्रखंड क्षेत्र के पातालसुर स्थित पुल के नीचे से बोल्डर एवं मिट्टी नहीं हटाए जाने के कारण स्नान कुंड बर्बाद होने की स्थिति में पहुंच गया है। वहीं बारिश का पानी और कीचड़ जमा होने से कुंड में स्नान करने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों के मुताबिक 16 मई 2026 को हजारीबाग उपायुक्त हेमंत सती ने पातालसुर धाम पहुंचकर निरीक्षण किया था। निरीक्षण के बाद पुल के नीचे जमा राबिस, बोल्डर एवं मिट्टी हटाने का निर्देश दिया गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्देश के बावजूद संबंधित सड़क निर्माण कंपनी द्वारा अब तक नहीं हटाया गया।
वहीं पानी का बहाव भी प्रभावित हो रहा है। लोगों का कहना है कि बांध का पानी नदी में जाने के बजाय दूसरी ओर बह रहा है, जिससे पातालसुर का स्नान कुंड प्रभावित हो रहा है। वहीं पुल के नीचे लगा स्टील का रेलिंग भी टूटने की स्थिति में है, जिससे कभी भी दुर्घटना हो सकती है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कंपनी को तत्काल बोल्डर व मिट्टी हटाने का निर्देश देने तथा लापरवाही बरतने पर कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो स्नान कुंड के अस्तित्व पर भी संकट उत्पन्न हो सकता है।स्थानीय मुखिया ललिता देवी एवं झारखंड आंदोलनकारी धीरेंद्र पांडेय ने भी प्रशासन से मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर पातालसुर की समस्या का समाधान कराने की मांग की है।










