Ranchi : बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) के वरिष्ठ प्रोफेसर एवं पशु विकृति विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मधुरेंदु कुमार गुप्त को वेटनरी संकाय (पशु चिकित्सा संकाय) का अतिरिक्त अधिष्ठाता नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति पूर्व डीन डॉ. सुशील प्रसाद के 21 अप्रैल को हुए असामयिक निधन के पश्चात की गई है।
डॉ. गुप्त बीएयू में एक लोकप्रिय शिक्षक और प्रतिष्ठित शोध वैज्ञानिक के रूप में जाने जाते हैं। वे निदेशक आवासीय शिक्षा सह अधिष्ठाता, स्नातकोत्तर संकाय का भी अतिरिक्त प्रभार संभालते आ रहे हैं। इसके अतिरिक्त, वे पशु चिकित्सा महाविद्यालय के कई विभागों के अध्यक्ष पद का दायित्व भी निभा रहे हैं।
डॉ. सुशील प्रसाद के निधन पर शोक सभा आयोजित
डॉ. सुशील प्रसाद के आकस्मिक निधन पर रांची पशु चिकित्सा महाविद्यालय के प्रेक्षागृह में एक शोक सभा का आयोजन किया गया। इसमें विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एस.सी. दुबे, शिक्षक, वैज्ञानिक, अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
वक्ताओं ने डॉ. प्रसाद को व्यवहारकुशल शिक्षक, समर्पित वैज्ञानिक एवं योग्य प्रशासक के रूप में याद किया और उनके मानवीय गुणों की सराहना की। सभा का समापन दो मिनट के मौन एवं दिवंगत आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना के साथ किया गया।

