Ranchi : राजधानी रांची में बुधवार देर रात पुलिस ने अड्डेबाजी और अनावश्यक भीड़ जमा करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। यह कार्रवाई एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर की गई, जिसके तहत जिले के सभी थाना प्रभारियों और डीएसपी स्तर के अधिकारियों ने करीब 70 स्थानों पर छापेमारी कर कार्रवाई की।
अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न इलाकों से 183 लोगों को पकड़कर हिदायत देने के बाद छोड़ दिया। जिन प्रमुख स्थानों पर यह अभियान चलाया गया, उनमें नामकुम, कांके, बिरला मैदान, विद्यानगर, नरकोपी, लालपुर, हरमू सहित 70 से अधिक इलाके शामिल थे।
पुलिस ने कई जगहों पर सड़कों, मैदानों और चौराहों पर बिना वजह खड़े होकर समय बिताने वाले युवकों को खदेड़ा और दोबारा ऐसा न करने की चेतावनी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि अगर अगली बार कोई व्यक्ति अनावश्यक रूप से भीड़ लगाए मिला तो सीधे जेल भेजा जाएगा।
एसएसपी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अगर कहीं भी संदिग्ध तरीके से भीड़ जमा होती दिखे या लोग अड्डेबाजी करते नजर आएं, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। उन्होंने आश्वस्त किया कि सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार अड्डेबाजी अक्सर नशाखोरी और आपराधिक गतिविधियों की शुरुआत का केंद्र बनती है। कई बार ऐसे समूहों में अपराध की योजना भी तैयार की जाती है। इसलिए शहर में अपराध पर नियंत्रण के लिए ऐसे ठिकानों पर सख्ती जरूरी है। अधिकारी मानते हैं कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि युवाओं को भटकने से रोका जा सके और अपराध की संभावनाओं पर अंकुश लगे।
स्थानीय निवासियों ने पुलिस की इस पहल को सकारात्मक बताया है। उनका कहना है कि देर रात चौराहों और पार्कों में भीड़ जुटने से माहौल बिगड़ता है और सुरक्षा की दृष्टि से भी खतरा बढ़ जाता है।
फिलहाल पुलिस सभी चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर निगरानी बढ़ा रही है और गश्त तेज कर दी गई है।



