- खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी में ‘मां डेयरी’ से मिलावटी पनीर और केमिकल बरामद
मुकेश रंजन
Ranchi : राजधानी रांची में मिलावटी खाद्य पदार्थों के कारोबार पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरुवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए रातू रोड स्थित दुर्गा मंदिर क्षेत्र की ‘मां डेयरी’ में छापेमारी कर भारी मात्रा में संदिग्ध नकली पनीर बरामद किया। कार्रवाई के दौरान पनीर बनाने में इस्तेमाल किए जा रहे पाम ऑयल, संदिग्ध केमिकल और विभिन्न प्रकार के पाउडर भी जब्त किए गए। प्रारंभिक जांच में बरामद पनीर की गुणवत्ता बेहद खराब पाई गई है, जिसे स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा माना जा रहा है।
खाद्य सुरक्षा विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि रातू रोड के दुर्गा मंदिर क्षेत्र में संचालित कुछ डेयरियों में रसायनों और मिलावटी सामग्री की मदद से नकली पनीर तैयार कर बाजार में बेचा जा रहा है। गुप्त सूचना के आधार पर विभाग की टीम ने गुरुवार सुबह ‘मां डेयरी’ में औचक निरीक्षण किया, जहां बड़ी मात्रा में तैयार पनीर और उसे बनाने में प्रयुक्त संदिग्ध सामग्री बरामद हुई।
छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने पनीर के नमूने जांच के लिए सुरक्षित रखे। साथ ही बरामद पाम ऑयल, रसायन और अन्य संदिग्ध पदार्थों को भी जब्त कर प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित संचालकों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि वे केवल विश्वसनीय दुकानों से ही डेयरी उत्पाद खरीदें और यदि किसी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता पर संदेह हो तो तत्काल विभाग को सूचना दें। विभाग ने स्पष्ट किया कि मिलावटखोरों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा, ताकि लोगों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।










