पटना: आपदा की मार झेल रहे परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए बिहार सरकार ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री और जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार रविवार को बिहारशरीफ प्रखंड के पचौरी गांव के जोरारपुर पहुंचे। यहां उन्होंने ठनका गिरने से जान गंवाने वाले आनंदी प्रसाद के परिवार से मुलाकात की और उनकी आश्रित सुनीता कुमारी को राज्य सरकार की ओर से दी जाने वाली सहायता राशि का चेक सौंपा। इस दौरान सांसद कौशलेंद्र कुमार और विधान पार्षद रीना यादव भी मौजूद रहीं। मंत्री ने पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और इस कठिन समय में सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
ठनका गिरने से हुई थी आनंदी प्रसाद की मौत
जोरारपुर निवासी आनंदी प्रसाद की मौत ठनका गिरने की घटना में हो गई थी। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। रविवार को मंत्री श्रवण कुमार स्वयं पीड़ित परिवार के बीच पहुंचे और सरकारी सहायता उपलब्ध कराई। मंत्री ने परिजनों से बातचीत करते हुए कहा कि किसी अपने को खोने की भरपाई किसी भी सहायता से नहीं की जा सकती, लेकिन सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि आपदा से प्रभावित परिवारों को आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े। उन्होंने परिजनों को धैर्य रखने की सलाह देते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी है।
आपदा पीड़ितों की मदद सरकार की प्राथमिकता
श्रवण कुमार ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हमेशा इस बात पर जोर देते रहे हैं कि राज्य सरकार के खजाने पर पहला अधिकार आपदा पीड़ित परिवारों का है। इसी सोच के तहत सरकार प्राकृतिक आपदाओं में जान गंवाने वाले लोगों के आश्रितों को आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र पीड़ित परिवारों को चार लाख रुपये की सहायता राशि जल्द उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि राहत और सहायता देने में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
सरकार का फोकस राहत और सहायता पर
मंत्री के मुताबिक आपदा के बाद प्रभावित परिवारों को तत्काल सरकारी मदद मिलना जरूरी है। सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों को समय पर आर्थिक सहायता मिले और उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए काम कर रही है और विकास के साथ-साथ जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षा और सहायता देना भी उसकी जिम्मेदारी है।
‘न्याय के साथ विकास’ का संकल्प दोहराया
श्रवण कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में ‘न्याय के साथ विकास’ की नीति को आगे बढ़ाया गया। सरकार ने समाज के हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार भी इसी विकास मॉडल को आगे बढ़ाते हुए बिहार के समग्र विकास और आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए काम कर रही है।
कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और समाजसेवी रहे मौजूद
मंत्री के दौरे के दौरान स्थानीय प्रशासन, जदयू कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और समाजसेवी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी मनीष कुमार, प्रखंड जदयू अध्यक्ष धनंजय प्रसाद कुशवाहा, जिला जदयू प्रवक्ता डॉ. धनंजय कुमार, देव युगल किशोर, मुखिया विश्वास सिंह, सकलदीप प्रसाद, जीतन चौहान, मुन्ना पासवान, गुलशन कुशवाहा, बिट्टू कुशवाहा, पुष्प राज सिंह, छोटू कुमार, रंजीत सिंह, संजय राम, संजय प्रसाद कुशवाहा, उदय प्रसाद, टुन्नी कुशवाहा, मनोज यादव, सन्नी कुशवाहा और मिंटू कुशवाहा समेत कई लोग उपस्थित रहे।


