Ranchi : राजधानी रांची की सड़कों पर अब ट्रैफिक नियमों की जगह बाइकर गैंग का खौफ मंडरा रहा है। सोमवार शाम रातू चट्टी इलाके में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां हेलमेट और नंबर प्लेट विहीन बाइकर गैंग ने सड़कों को रेस ट्रैक बना डाला। तेज रफ्तार बाइक, स्टंट, और गैंगबाज़ी के इस खुले प्रदर्शन से पूरा इलाका थर्रा उठा।
Also Read : मुख्यमंत्री ने धरती आबा बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित की
कार्तिक उरांव फ्लाईओवर पर हाल ही में हुए स्टंट कांड की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि सीरम टोली फ्लाईओवर से लेकर रातू चट्टी तक, बाइकर्स ने ट्रैफिक व्यवस्था को धता बताते हुए आतंक मचाया। वायरल हो रही तस्वीरों और वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ युवक बीच सड़क पर बाइकों को रोककर स्टंट और हंगामा कर रहे हैं।
इस दौरान न तो पुलिस का कोई जवान नजर आया और न ही कोई रोकने वाला। आम राहगीर, दुकानदार और बुज़ुर्ग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि शाम होते ही बाइकर्स की टोली सड़क पर कब्जा कर लेती है। वे बिना हेलमेट, बिना नंबर प्लेट के स्टंट करते हैं, हॉर्न बजाते हैं और राह चलते लोगों को डराते हैं।
प्रशासन पर उठते सवाल:
- इलाके में सीसीटीवी लगे हैं लेकिन फुटेज देखकर कोई कार्रवाई नहीं होती
- रोजाना शिकायत के बावजूद न ट्रैफिक पेट्रोलिंग होती है, न कोई गिरफ्तारी
- स्थानीय लोगों की मांग है कि बाइक जब्त कर कड़ी कार्रवाई की जाए
प्रश्न यह भी है कि क्या यह अराजकता किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रही है? जब किसी मासूम की जान जाएगी, तब ही प्रशासन जागेगा?
रांची पुलिस की चुप्पी ने अपराधियों के हौसले बुलंद कर दिए हैं। अब जरूरत है सख्त कदम उठाने की—नियमित पेट्रोलिंग, CCTV फुटेज की समीक्षा और तत्काल गिरफ्तारी। नहीं तो ये सड़कों पर जारी स्टंटबाज़ी किसी दिन बड़ा हादसा लेकर आएगी।

