Munger : बिहार के मुंगेर जिले के असरगंज प्रखंड के मध्य विद्यालय सजुआ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां के प्रधानाध्यापक पर स्कूल के किचन में चिकन बनाकर पार्टी करने का आरोप लगा है, जबकि छात्र बाहर खड़े होकर विरोध करते रहे।
जानकारी के अनुसार, जब पत्रकार स्कूल पहुंचे तो मुख्य गेट बंद था और कई छात्र किताब-कॉपी लेकर बाहर खड़े थे। छात्रों ने बताया कि परीक्षा के बीच शिक्षकों ने अंदर चिकन पार्टी का आयोजन किया और कुछ छात्रों को बाहर निकालकर गेट बंद कर दिया। नाराज छात्रों ने गेट पर लात-मार कर विरोध जताया, जिसके बाद शिक्षकों ने गेट खोला।
छात्र आयुष कुमार ने बताया कि शिक्षक पार्टी कर रहे थे, लेकिन प्रधानाध्यापक प्रदीप कुमार सिंह ने आरोपों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि स्कूल में ऐसा कुछ भी नहीं हुआ और बच्चों द्वारा लगाए गए आरोप निराधार हैं।
प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अमित कुमार ने कहा कि स्कूल के खिलाफ पहले भी शिकायतें मिल चुकी हैं। उन्होंने बताया कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

