Bengaluru : कर्नाटक के बेंगलुरु से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां कुछ लोगों ने बुजुर्ग व्यक्ति को बोरे में बांधकर कूरियर करने की कोशिश की। यह घटना व्यालिकावल थाना क्षेत्र की बताई जा रही है और पूरी घटना का वीडियो सीसीटीवी में कैद हो गया।
जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर करीब 4 बजे हुई। दो-तीन लोग एक कूरियर ऑफिस पहुंचे और अपने साथ एक बड़े बोरे को पार्सल करने की बात कही। शुरुआत में यह सामान्य पार्सल जैसा दिखा, लेकिन कर्मचारियों को बोरे के अंदर हलचल महसूस हुई।
जब बोरा खोला गया, तो कर्मचारियों के होश उड़ गए। अंदर एक बुजुर्ग व्यक्ति था, जो सांस लेने के लिए संघर्ष कर रहा था। कर्मचारियों ने तुरंत उसे बाहर निकाला और पानी पिलाकर उसकी स्थिति संभालने की कोशिश की।
हैरानी की बात यह रही कि बोरा लेकर आए युवक अपने आरोप पर अड़े रहे और बोरे को पार्सल करने की जिद की। उन्होंने इसके बदले पैसे देने की पेशकश भी की। बहस के बाद कूरियर स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गए। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने की कोशिश कर रही है।
प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि घटना सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने के लिए की गई थी। माना जा रहा है कि आरोपियों ने रमजान और उगादी के दौरान यात्रा की भीड़ और टिकट की कमी को लेकर यह स्टंट किया। बाद में परिवार ने अपनी गलती स्वीकार की और माफी मांगते हुए लोगों से ऐसे खतरनाक प्रयोग न करने की अपील की।
पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

