Ranchi : सिमडेगा की उपायुक्त कंचन सिंह ने मंगलवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जिले में बिरसा हरित ग्राम बागवानी योजना के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
उपायुक्त ने बताया कि सिमडेगा में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा उत्पादित आम को अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी जगह मिल रही है। आम्रपाली आम की पहली व्यावसायिक निर्यात खेप यूनाइटेड किंगडम (लंदन) भेजी गई है। जेएसएलपीएस, महिला जागृति एवं बेउरा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी के सहयोग से यह उपलब्धि हासिल हुई है, जो महिला-नेतृत्व वाले एफपीओ और किसानों के लिए वैश्विक पहचान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर महिला समूह की प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को सिमडेगा के आम्रपाली आम भेंट किए।
मौके पर विधायक कल्पना सोरेन भी उपस्थित रहीं।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और महिला सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को बेहतर मूल्य दिलाना, ग्रामीण महिलाओं को नई पहचान देना और कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे प्रयास झारखंड के कृषि उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने में मदद करेंगे और ग्रामीण क्षेत्रों में आय के नए अवसर पैदा करेंगे।


