Ranchi : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड मंत्रालय में आयोजित एक समारोह में निवर्तमान मुख्य सचिव अलका तिवारी को उनके सेवानिवृत्त होने पर भावभीनी विदाई दी। श्रीमती तिवारी 30 सितंबर को सेवा निवृत्त हुईं।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि अलका तिवारी ने अपने कार्यकाल के दौरान बेहतर प्रशासनिक दक्षता का परिचय देते हुए राज्य सरकार की विभिन्न नीतियों और योजनाओं को प्रभावशाली ढंग से लागू करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा, “श्रीमती तिवारी ने सदैव ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यभाव से कार्य किया। उन्होंने प्रशासन को एक नई दिशा दी और हमारी कई महत्वाकांक्षी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में योगदान दिया।”
मुख्यमंत्री ने उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि वे आगे भी अपने अनुभव से समाज को लाभान्वित करती रहेंगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त मुख्य सचिव अविनाश कुमार को पदभार ग्रहण करने पर बधाई देते हुए कहा कि उनके कार्य अनुभव, दूरदर्शिता और प्रशासनिक कुशलता से राज्य प्रशासन को नई ऊर्जा मिलेगी और विकास कार्यों में गति आएगी।
कार्यक्रम में विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, विभिन्न विभागों के प्रधान सचिव, सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

