Ranchi : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने गुरुवार को रांची के कांके स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के तहत स्वयं एन्यूमरेशन प्रपत्र भरकर जमा किया। इस दौरान उन्होंने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर एसआईआर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मतदान का अधिकार सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की आधारशिला है। इसलिए सभी पात्र मतदाता समय पर अपना एसआईआर प्रपत्र भरें और मतदाता सूची में दर्ज अपनी जानकारी का सत्यापन अवश्य कराएं।
मुख्यमंत्री के समक्ष निर्वाचन अधिकारियों की मौजूदगी में 64-हटिया विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-290 की बीएलओ ने एन्यूमरेशन फॉर्म भरने की प्रक्रिया पूरी कराई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री की पत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन ने भी स्वयं अपना एन्यूमरेशन प्रपत्र भरकर जमा किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक नागरिक की लोकतांत्रिक भागीदारी ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वयं एसआईआर अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें और अपने परिवार, पड़ोस तथा समाज के अन्य पात्र मतदाताओं को भी प्रपत्र भरने के लिए प्रेरित करें।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, ईआरओ-सह-एडीएम धनंजय, उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक कुमार सुमन तथा बीएलओ वेरोनिका देवी उपस्थित रहे।



