पलामू: जिले के हुसैनाबाद शहर स्थित जपला रेलवे स्टेशन रोड के दुर्गा मंदिर में बुधवार देर रात चोरी की घटना सामने आई। चोर मंदिर में स्थापित मां दुर्गा, मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की प्रतिमाओं पर चढ़ाए गए सोने-चांदी के मुकुट सहित अन्य कीमती आभूषण चोरी कर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब दो बजे की है। पूरी वारदात मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर हुसैनाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है।
मंदिर में चोरी की इस घटना से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है। लोगों ने मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग करते हुए जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।



