Ranchi : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार को टाना भगत इनडोर स्टेडियम, रांची में गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के सफल कार्यान्वयन पर संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य को अग्रणी बनाने के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है।
आज दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी की 82वीं जयंती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु जी भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके आदर्श, विचार और समाज सुधारक दृष्टिकोण हमेशा प्रेरणादायक रहेंगे। उन्होंने आदिवासी और मूलवासी समुदाय के बच्चों को शिक्षित करने और उनके अधिकार दिलाने के लिए अपना जीवन समर्पित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा, “इस राज्य में अपार संभावनाएं हैं। खनिज, पर्यटन, शिक्षा और खेल में झारखंड काफी आगे जा सकता है। सरकार युवाओं को 10 कदम आगे ले जाएगी, आपको सिर्फ पहला कदम बढ़ाना है।”
गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत सरकार ने आज 55 लाभार्थियों को 12 करोड़ रुपए का शिक्षा ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किया। राज्य सरकार की यह योजना देश में पहली बार 4% सामान्य ब्याज दर पर 15 लाख रुपए तक शिक्षा ऋण देने वाली योजना है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पब्लिक डैशबोर्ड, एआई आधारित चैटबोर्ड, मुख्यमंत्री फैलोशिप योजना, द ग्रास रूट इनोवेशन इंटर्नशिप और बोकारो जिला पुस्तकालय जैसी कई महत्वपूर्ण योजनाओं का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबी और आर्थिक तंगी के बावजूद बच्चों को शिक्षा से वंचित नहीं किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य हर बच्चे को शिक्षित करना और उनकी प्रतिभा को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाना है।



