Ranchi : राजधानी रांची से लापता हुए मासूम भाई-बहन अंश कुमार और अंशिका कुमारी की सकुशल बरामदगी पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड पुलिस की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने इस पूरे अभियान को पुलिस की सूझबूझ, रणनीति और टीमवर्क का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अपहरणकर्ताओं के चंगुल से दो मासूम बच्चों की सुरक्षित वापसी हर किसी के लिए राहत और खुशी का विषय है। उन्होंने माना कि बीते कुछ दिन व्यक्तिगत रूप से भी उनके लिए बेहद चिंताजनक रहे, लेकिन पुलिस ने दूसरे राज्यों में हुई समान घटनाओं से कड़ियां जोड़ते हुए अपराधियों तक पहुंच बनाई और बच्चों को सुरक्षित मुक्त कराया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई यहीं समाप्त नहीं होगी। राज्य के भीतर और बाहर सक्रिय ऐसे अपराधी गिरोहों के खिलाफ गहन जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर पूर्ण विराम लगाया जा सके।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने रांची के उपायुक्त को निर्देश दिया कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सरकारी सहायता प्रदान की जाए और उन्हें सभी आवश्यक सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाए।
गौरतलब है कि धुर्वा थाना क्षेत्र के मौसीबाड़ी खटाल इलाके से 2 जनवरी को दोपहर करीब तीन बजे बिस्किट खरीदने निकले अंश और अंशिका रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए थे। करीब 12 दिनों तक चले सघन सर्च ऑपरेशन के बाद झारखंड पुलिस ने दोनों बच्चों को रामगढ़ जिले के चितरपुर क्षेत्र से सकुशल बरामद किया। बच्चों की सुरक्षित वापसी से परिजनों ने राहत की सांस ली है।

