Ranchi : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार अपने कर्मचारियों को बेहतर और सुरक्षित कार्य वातावरण प्रदान करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में बैंक ऑफ इंडिया के महाप्रबंधक गुरु प्रसाद गौंड, महाप्रबंधक दीप शेखर और सहायक महाप्रबंधक अजय पांडेय ने सीएम से शिष्टाचार मुलाकात की।
इस दौरान राज्य सरकार और बैंक ऑफ इंडिया के बीच राज्य कर्मियों के लिए गवर्नमेंट सैलरी पैकेज पर प्रस्तावित एमओयू के संबंध में जानकारी साझा की गई। बताया गया कि 23 दिसंबर 2025 को इस एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस पैकेज के तहत राज्य कर्मियों, सेवानिवृत्त कर्मियों और अनुबंध कर्मचारियों का वेतन खाता बैंक ऑफ इंडिया में होने पर उन्हें दुर्घटना बीमा समेत विभिन्न बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यह योजना कर्मचारियों और उनके परिवारों की सुरक्षा तथा वित्तीय लाभ सुनिश्चित करेगी।



