Ramgarh : रामगढ़ जिले में जंगली हाथियों की सक्रियता लगातार बढ़ती जा रही है। बीते एक सप्ताह से हाथियों का झुंड अपने निर्धारित कॉरिडोर से भटककर अलग-अलग इलाकों में घूम रहा है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। अब तक हाथियों के हमले में नौ लोगों की जान जा चुकी है।
शनिवार की सुबह जंगल से निकलकर एक विशालकाय हाथी एनएच-33 पर आ पहुंचा, जिससे सड़क पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। हाथी के अचानक सड़क पर आने से दोनों ओर कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से वाहन चालकों और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग घंटों तक वाहनों में फंसे रहे।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सतर्कता और सूझबूझ से हाथी को नियंत्रित कर उसे सुरक्षित कॉरिडोर की ओर खदेड़ा। गनीमत यह रही कि समय रहते हाथी को हटाया गया, अन्यथा एनएच-33 पर बड़ा हादसा हो सकता था। हाथी के हटते ही कई घंटों बाद यातायात बहाल हुआ और लोगों ने राहत की सांस ली।
घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के बीच हाथियों की आवाजाही वन विभाग के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। कभी घाटो क्षेत्र, कभी कुजू तो कभी रामगढ़ शहर की सीमा तक भटक रहे हाथियों को सुरक्षित कॉरिडोर में लौटाने के लिए वन विभाग की टीमें लगातार प्रयासरत हैं। फिलहाल रामगढ़ जिले में हाथियों की मौजूदगी प्रशासन और आम लोगों दोनों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।






