Ranchi : मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय के 17 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने झारखंड की प्राकृतिक संपदा, संस्कृति और खेल उपलब्धियों पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड खनिज संपदा और प्राकृतिक संसाधनों में समृद्ध राज्य है। राज्य की जनजातीय परंपराएँ और सांस्कृतिक विरासत इसे विशिष्ट पहचान देती हैं। खेलों के क्षेत्र में झारखंड के खिलाड़ियों ने क्रिकेट, हॉकी, आर्चरी जैसे खेलों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त की है। भारतीय महिला हॉकी टीम में कप्तान सहित आधी खिलाड़ी झारखंड की हैं। प्रसिद्ध खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी और आर्चरी खिलाड़ी दीपिका कुमारी इसी राज्य के हैं।
शिक्षा क्षेत्र में सुधार: मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सरकारी विद्यालयों को सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के रूप में अपग्रेड किया गया है। इसके अलावा उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले छात्रों को गुरुजी क्रेडिट कार्ड स्कीम के तहत 15 लाख रुपए तक बिना गारंटी ऋण प्रदान किया जा रहा है। राज्य में 10 मेडिकल कॉलेज, कई निजी मेडिकल और नर्सिंग कॉलेज, और नए पॉलिटेक्निक कॉलेज संचालित हैं।
उद्योग और अर्थव्यवस्था: झारखंड उद्योग और निवेश के लिए अनुकूल राज्य है। टाटा, HEC, स्टील और फर्टिलाइज़र कंपनियां राज्य में स्थापित हैं। राज्य ने विश्व आर्थिक मंच में पहली बार भागीदारी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे और खनिज उद्योग में राज्य का देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान है।
जनजातीय और ग्रामीण विकास: झारखंड में चाय उद्योग और अन्य वनोपज में जनजातीय समुदाय की भागीदारी है। राज्य सरकार महिला, बाल और श्रम अधिकारों की रक्षा हेतु जनकल्याणकारी योजनाएँ चला रही है। मुख्यमंत्री मंईया सम्मान योजना के तहत 53 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 2500 रुपए प्रदान किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर मुख्य सचिव, अपर मुख्य सचिव गृह विभाग, सचिव उद्योग, महिला एवं बाल विकास, पर्यटन, कला संस्कृति एवं खेल विभाग के अधिकारी और राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय के पांच देशों के सैन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

