Hazaribagh : केरेडारी थाना क्षेत्र के बुंडू पंचायत के बघुताबर टोला में रविवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने 35 वर्षीय रूपलाल करमाली की गोली मारकर हत्या कर दी।
सूत्रों के अनुसार, रात लगभग 12 बजे अपराधी घर के पीछे छत के सहारे अंदर घुसे और रूपलाल करमाली पर लगातार पांच गोलियां दाग दीं। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। गोली की आवाज सुनते ही घर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जाता है कि मृतक रूपलाल करमाली बुंडू मंडा पूजा में भगत पूजारी के रूप में कार्यरत थे।
घटना की सूचना मिलते ही केरेडारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।



