Nawada (Bihar): बिहार के नवादा जिले की एक युवती की हत्या कर दी गई और उसका शव बेंगलुरु में रेलवे ट्रैक के किनारे एक ट्रॉली बैग में मिला। इस दिल दहला देने वाली घटना ने राज्यभर में सनसनी फैला दी है। नवादा पुलिस ने इस मामले में महिला सहित कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया है।
Also Read : फाइनल की जंग: मुंबई और पंजाब में से कौन भिड़ेगा RCB से?
यह मामला नवादा जिले के नरहट थाना क्षेत्र के राहुल नगर से जुड़ा है। पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने जानकारी देते हुए बताया कि युवती और आरोपी युवक आशिक कुमार के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। लड़की की मां ने 23 मई को हिसुआ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी बेटी को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर ले जाया गया है।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि दोनों बेंगलुरु चले गए थे। बाद में युवती का शव बेंगलुरु के सूर्य नगर थाना क्षेत्र में चांदपुरा रेलवे स्टेशन के पास एक नीले रंग के ट्रॉली बैग में बरामद हुआ। शव मिलने के बाद हिसुआ पुलिस ने शव की पहचान की पुष्टि की और जांच को आगे बढ़ाया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसकी अगुवाई डीएसपी हुलास कुमार ने की। पुलिस की मेहनत रंग लाई और इस जघन्य हत्याकांड में आशिक कुमार, मुकेश कुमार, राजू कुमार, राजा कुमार, मोहन कुमार, कलू कुमार और इंदु देवी को गिरफ्तार किया गया।
सभी आरोपी नवादा जिले के राहुल नगर और फुलमा गांव के निवासी हैं। पुलिस को प्राथमिक जांच में यह भी पता चला है कि युवती और आरोपी युवक साथ में बिहार से बेंगलुरु गए थे, जहां किसी कारणवश विवाद बढ़ा और हत्या को अंजाम दिया गया।
फिलहाल पुलिस मामले की तह तक जाने के लिए सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है।






