West Singhbhum : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के सोमवार को प्रस्तावित जमशेदपुर दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में धालभूम अनुमंडल क्षेत्र को रविवार शाम 6 बजे से सोमवार रात 10 बजे तक, कुल 28 घंटे के लिए नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है।
इस अवधि के दौरान ड्रोन, हॉट एयर बैलून सहित किसी भी प्रकार के उड़ने वाले उपकरणों के संचालन पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी चंद्रजीत सिंह ने उपायुक्त के निर्देश पर इस संबंध में आदेश जारी किया है।
प्रशासन के अनुसार, यह प्रतिबंध केवल जमशेदपुर शहर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पोटका, पटमदा और बोड़ाम प्रखंड भी नो-फ्लाइंग जोन के अंतर्गत रहेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सोमवार सुबह 10:10 बजे वायुसेना के हेलीकॉप्टर से सोनारी एयरपोर्ट पहुंचेंगी। इसके बाद वे करनडीह स्थित दिशोम जाहेर में आयोजित ओल चिकी लिपि के शताब्दी समारोह में भाग लेंगी। इसके उपरांत राष्ट्रपति राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।
कार्यक्रम समाप्ति के बाद राष्ट्रपति दोपहर 3:30 बजे के बाद वायुसेना के हेलीकॉप्टर से रांची के लिए रवाना होंगी। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने और नो-फ्लाइंग जोन से संबंधित सभी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।



