Ranchi : झारखंड में कड़ाके की ठंड के साथ घना कोहरा जनजीवन पर भारी पड़ रहा है। शीतलहर और कुहासे के कारण प्रदेश में यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। रविवार को लोहरदगा राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मैकलुस्कीगंज में 5 डिग्री और कांके में 7.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई है, जिससे विमान, ट्रेन और बस सेवाएं प्रभावित हुई हैं। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से रविवार को सात विमानों को रद्द करना पड़ा, जबकि कई उड़ानें घंटों की देरी से संचालित हुईं। मौसम विभाग के अनुसार, रांची में दृश्यता मात्र 400 मीटर, जमशेदपुर में 500 मीटर और देवघर में सिर्फ 200 मीटर दर्ज की गई।
जिलावार न्यूनतम तापमान (°C)
-
लोहरदगा – 3.0
-
गुमला – 5.2
-
मेदिनीनगर – 6.9
-
लातेहार – 7.2
-
रांची – 7.8
-
हजारीबाग – 8.1
-
खूंटी – 9.1
मौसम विभाग ने बताया कि बीते 24 घंटों में राज्य के न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है, जबकि अधिकतम तापमान भी 1 से 5 डिग्री तक नीचे आया है। इससे रात के साथ-साथ दिन में भी ठंड का असर महसूस किया जा रहा है।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, उत्तरी झारखंड के पलामू से लेकर संताल परगना तक बिहार से सटे जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। आने वाले दिनों में शीतलहर और कुहासा और गहराने की संभावना है।
प्रशासन ने नागरिकों को सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और ठंड से बचाव के लिए जरूरी एहतियात बरतने की अपील की है।






