- पश्चिम बंगाल सरकार ने इस साल दुर्गापूजा को लेकर पूजा समितियों के लिए कई बड़ी घोषणाएं की हैं। सरकार छोटी पूजा समितियों को एक लाख रुपये का वैकल्पिक सरकारी अनुदान देगी। वहीं, दुर्गापूजा की अष्टमी के दिन राज्यभर में शराब की दुकानें और बार बंद रहेंगे।
कोलकाता: पश्चिम बंगाल सरकार ने इस साल दुर्गापूजा को लेकर पूजा समितियों के लिए कई बड़ी घोषणाएं की हैं। सरकार छोटी पूजा समितियों को एक लाख रुपये का वैकल्पिक सरकारी अनुदान देगी। वहीं, दुर्गापूजा की अष्टमी के दिन राज्यभर में शराब की दुकानें और बार बंद रहेंगे।
छोटी पूजा समितियों को मिलेगी आर्थिक मदद
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को पूजा समितियों के साथ बैठक के बाद यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि जिन छोटी पूजा समितियों के लिए सरकारी मदद के बिना पूजा का आयोजन करना मुश्किल है, उन्हें एक लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। इसके लिए पूजा समितियों को अपने स्थानीय थाने में आवेदन करना होगा।
हालांकि, मुख्यमंत्री ने बड़े बजट वाली पूजा समितियों से सरकारी आर्थिक सहायता नहीं लेने की अपील की है।
डीजे बजाने पर रहेगी रोक
सरकार ने दुर्गापूजा और विसर्जन को लेकर भी नियम स्पष्ट किए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूजा या विसर्जन के दौरान राज्य में कहीं भी डीजे बजाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा पूजा आयोजन या जुलूस के कारण राष्ट्रीय राजमार्गों को भी बाधित नहीं किया जा सकेगा।
अष्टमी पर शराब की दुकानें और बार बंद
दुर्गापूजा की अष्टमी के दिन पूरे पश्चिम बंगाल में शराब की सभी दुकानें और बार बंद रहेंगे। सरकार का यह फैसला पूजा के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है।
पूजा समितियों से नहीं लिया जाएगा बिजली शुल्क
सरकार ने पूजा समितियों को बिजली बिल में भी बड़ी राहत देने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूजा समितियों से बिजली के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। कोलकाता समेत पूरे राज्य में पूजा समितियों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने के लिए बिजली वितरण कंपनियों से बातचीत की जा चुकी है।
अग्निशमन विभाग भी नहीं लेगा शुल्क
पूजा पंडालों को अग्निशमन विभाग से अनुमति लेने के लिए भी कोई शुल्क नहीं देना होगा। सरकार का कहना है कि इन फैसलों से छोटी पूजा समितियों को काफी राहत मिलेगी और दुर्गापूजा के आयोजन में आर्थिक परेशानी कम होगी।


