Garhwa : गढ़वा में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाने वाले एक बड़े रैकेट का प्रशासन ने खुलासा किया है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मेराल प्रखंड के ओखरगाड़ा पचपेड़ी मोड़ स्थित विशाल ऑनलाइन सेंटर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, एसडीएम Sanjay Kumar को गुप्त सूचना मिली थी कि सेंटर में मेदिनीनगर सदर अस्पताल के नाम पर जाली जन्म प्रमाण पत्र तैयार किए जा रहे हैं। इसके बदले लोगों से भारी रकम वसूली जा रही थी।
सूचना के बाद प्रभारी बीडीओ-सह-सीओ Yashwant Nayak और मेराल थाना प्रभारी Vishnu Kant के नेतृत्व में छापेमारी की गई। जांच के दौरान पहचान पत्रों की फोटोकॉपी, फर्जी प्रमाण पत्र और आवेदन फॉर्म बरामद किए गए।
प्रशासनिक जांच में खुलासा हुआ कि सेंटर संचालक विशाल कुमार, मेदिनीनगर निवासी संतोष कुमार के साथ मिलकर यह रैकेट चला रहा था। ग्राहकों के दस्तावेज व्हाट्सएप के जरिए भेजकर जाली डिजिटल प्रमाण पत्र तैयार किए जाते थे।
अधिकारियों के अनुसार, एक फर्जी जन्म प्रमाण पत्र के लिए 1000 से 1400 रुपये तक वसूले जाते थे। अब तक 30 से 40 फर्जी प्रमाण पत्र जारी करने की बात भी सामने आई है। मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जबकि तीन सदस्यीय जांच टीम गठित कर सभी फर्जी प्रमाण पत्रों को रद्द करने की तैयारी की जा रही है।

