Ranchi : झारखंड के किसान अब साइबर ठगों के निशाने पर हैं। साइबर अपराधी सरकारी योजनाओं का लालच देकर डेयरी किसानों से ठगी की कोशिश कर रहे हैं। जिला गव्य विकास विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सदर थाना में एफआईआर दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, ठग खुद को झारखंड सरकार की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की के सचिव मनोरंजन कुमार बताकर किसानों से संपर्क कर रहे थे। वे किसानों से यह कहते थे कि योजना की स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन लाभ पाने के लिए पहले भुगतान करना होगा।
जिला गव्य विकास पदाधिकारी राज नारायण सास्वत ने बताया कि मंगलवार को जिले के कई डेयरी किसानों को मोबाइल नंबर 7063219301 और व्हाट्सएप नंबर 9038197598 से कॉल और मैसेज भेजे गए। इसमें ठगों ने खुद को मंत्री का सचिव बताते हुए पैसे की मांग की।
विभाग ने इसे साइबर ठगी करार देते हुए किसानों से अपील की है कि ऐसे कॉल या मैसेज से सतर्क रहें और किसी भी स्थिति में पैसा न दें।



