Mumbai : बॉलीवुड फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास के बाहर फायरिंग की घटना सामने आई है। सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस और फॉरेंसिक टीमें मौके पर पहुंचीं और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना शनिवार रात करीब 3 बजे हुई, जब अज्ञात हमलावरों ने चार राउंड फायरिंग की। घटना के बाद जुहू इलाके में सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं। रोहित शेट्टी के घर के आसपास कई अन्य बॉलीवुड हस्तियों के आवास भी हैं, जिसके चलते पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है।
जांच हर एंगल से, वजह अब तक साफ नहीं
मुंबई पुलिस ने बताया कि हमलावरों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर हर पहलू से जांच की जा रही है। फिलहाल हमले की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और किसी संगठन या व्यक्ति ने जिम्मेदारी नहीं ली है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एहतियातन इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और गश्त तेज कर दी गई है।

