Greater Noida : सोशल मीडिया पर लग्जरी लाइफस्टाइल की चमक और महंगी गाड़ियों के बढ़ते क्रेज ने किशोरों को अपराध की राह पर ला खड़ा किया है। ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र में पुलिस ने एक ऐसी चोरी का खुलासा किया है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। यहां काले रंग की थार कार खरीदने की चाहत में चार नाबालिगों ने अपने ही पड़ोसी के घर से करीब 20 लाख रुपये के गहने और नकदी चोरी कर ली।
पड़ोसी के घर से उड़ाए 20 लाख रुपये
मामले की शुरुआत जेवर निवासी पार्श्व की शिकायत से हुई। उन्होंने पुलिस को बताया कि हाल ही में जमीन बेचकर मिले 20 लाख रुपये उन्होंने घर की अलमारी में रखे थे। घटना के वक्त परिवार घर पर मौजूद नहीं था। जब वे लौटे तो अलमारी का ताला टूटा मिला और पूरी रकम गायब थी। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सीसीटीवी और इंटेलिजेंस से खुला राज
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मैन्युअल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल किया। जांच के दौरान जेवर ऋषि रोड के पास रहने वाले चार संदिग्ध नाबालिगों को पुलिस ने अपनी अभिरक्षा में लिया। शुरुआती तलाशी में उनके पास से 2 लाख रुपये नकद बरामद हुए।
सिर्फ थार खरीदने के लिए बनाई थी पूरी योजना
पूछताछ में सामने आया कि चारों किशोर पीड़ित के पड़ोस में ही रहते हैं। उनमें से एक लड़के का पीड़ित के घर आना-जाना था और उसने अलमारी में रखी रकम देख ली थी। मौका मिलते ही उसने दोस्तों के साथ दीवार फांदकर घर में घुसने और अलमारी का लॉक तोड़ने की योजना बनाई। चोरी के बाद रकम को एक सुरक्षित स्थान पर छिपा दिया गया।
नाबालिगों ने पुलिस को बताया कि वे अक्सर सोशल मीडिया पर Mahindra Thar की रील्स देखते थे और काली थार कार खरीदने का सपना देखते थे। इसी शौक को पूरा करने के लिए उन्होंने चोरी की पूरी साजिश रची।
पुलिस का बयान
सुधीर कुमार, एडीसीपी ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई की गई है। नाबालिगों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। बाकी चोरी की राशि की बरामदगी की प्रक्रिया जारी है और कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
यह घटना समाज के सामने एक गंभीर सवाल खड़ा करती है कि भौतिक सुख-सुविधाओं की चाहत और सोशल मीडिया का प्रभाव किस तरह किशोरों को अपराध की ओर धकेल रहा है।


