Ranchi : श्रावणी मेला 2026 के दौरान ट्रेनों में होने वाली अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेल मंत्रालय ने श्रद्धालुओं और कांवरियों की सुविधा के लिए बड़ा फैसला लिया है। दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची रेल मंडल ने रांची और भागलपुर के बीच दो जोड़ी श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की घोषणा की है।
रेलवे के अनुसार, ये स्पेशल ट्रेनें दो अलग-अलग मार्गों—वाया राजाबेड़ा और वाया बरकाकाना—से संचालित होंगी, जिससे सुल्तानगंज और देवघर जाने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी। दोनों ट्रेनें कुल 14-14 फेरे (ट्रिप) लगाएंगी।
रांची-भागलपुर स्पेशल (वाया राजाबेड़ा)
ट्रेन संख्या 08690 रांची-भागलपुर द्वि-साप्ताहिक श्रावणी मेला स्पेशल 26 जुलाई से 9 सितंबर 2026 तक प्रत्येक रविवार और बुधवार को रांची से शाम 5:40 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन मुरी, बोकारो स्टील सिटी, हजारीबाग रोड, कोडरमा, नवादा, किउल और सुल्तानगंज होते हुए अगले दिन सुबह 6:30 बजे भागलपुर पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 08689 भागलपुर-रांची स्पेशल 27 जुलाई से 10 सितंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को भागलपुर से सुबह 9:10 बजे रवाना होकर रात 10:20 बजे रांची पहुंचेगी।
इस ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे, जिनमें:
- 6 सामान्य श्रेणी
- 7 स्लीपर
- 1 एसी 3-टियर
- 2 एसएलआरडी (SLRD) कोच शामिल होंगे।
रांची-भागलपुर स्पेशल (वाया बरकाकाना)
ट्रेन संख्या 08646 रांची-भागलपुर स्पेशल 27 जुलाई से 11 सितंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को रांची से शाम 5:30 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन बरकाकाना, हजारीबाग टाउन, कोडरमा, किउल और सुल्तानगंज होते हुए अगले दिन सुबह 6:30 बजे भागलपुर पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 08645 भागलपुर-रांची स्पेशल 28 जुलाई से 12 सितंबर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को भागलपुर से सुबह 9:10 बजे प्रस्थान कर रात 9:40 बजे रांची पहुंचेगी।
इस ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें:
- 13 स्लीपर
- 4 सामान्य श्रेणी
- 1 एसी 3-टियर
- 2 एसएलआरडी (SLRD) कोच शामिल रहेंगे।
रेलवे प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के समय और आरक्षण की जानकारी अवश्य जांच लें तथा सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा के लिए निर्धारित नियमों का पालन करें।



