Patrartu : पीटीपीएस कॉलेज, पतरातू में शनिवार को ₹1.90 करोड़ की लागत से बनने वाले बहुउद्देश्यीय कॉन्फ्रेंस हॉल के निर्माण कार्य की शुरुआत की गई। इसका शिलान्यास माननीय विधायक (बड़कागांव) रोशन लाल चौधरी और CEO, PVUNL ने संयुक्त रूप से किया। यह प्रोजेक्ट PVUNL की सामुदायिक विकास पहल के अंतर्गत शुरू किया गया है।
इस अवसर पर हज़ारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल ने ऑनलाइन संबोधन में कहा कि बहुउद्देश्यीय कॉन्फ्रेंस हॉल का निर्माण क्षेत्र की शैक्षणिक गुणवत्ता को नई दिशा देगा। उन्होंने इसे विद्यार्थियों के लिए एक बड़ा अवसर बताया। कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल ने भी संबोधित किया।
CEO, PVUNL ने अपने संबोधन में कहा कि कंपनी शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और युवा सशक्तिकरण के क्षेत्रों में लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि नया कॉन्फ्रेंस हॉल न केवल कॉलेज की शैक्षणिक गतिविधियों को मजबूती देगा, बल्कि विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं से लैस एक उन्नत मंच उपलब्ध कराएगा।
1972 में स्थापित PTPS कॉलेज वर्षों से क्षेत्र में उच्च शिक्षा का प्रमुख केंद्र रहा है। PVUNL पूर्व में भी कॉलेज के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठा चुका है। नया बन रहा कॉन्फ्रेंस हॉल सेमिनार, कार्यशालाएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम और कौशल विकास गतिविधियों को सशक्त करेगा।
कार्यक्रम के दौरान छोटेलाल कुमार को सम्मानित किया गया। उन्होंने विनोबा भावे विश्वविद्यालय स्तर पर आयोजित Inter College Cross Country Race में प्रथम स्थान हासिल कर कॉलेज और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
शिलान्यास समारोह ने स्पष्ट कर दिया कि PVUNL केवल ऊर्जा उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और शिक्षा के विकास के प्रति भी प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में प्राचार्य, PTPS कॉलेज ने सभी विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
समारोह में अनुपम मुखर्जी (CGM प्रोजेक्ट), बिश्नु दत्ता (GM प्रोजेक्ट) और ज़ियाउर रहमान (हेड ऑफ़ HR) भी उपस्थित रहे।



