Ranchi : राजधानी रांची में आयोजित होने वाली घुरती रथ यात्रा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार को भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ मौसीबाड़ी से रथ पर सवार होकर मुख्य जगन्नाथ मंदिर लौटेंगे।
घुरती रथ यात्रा का शुभारंभ शाम 4 बजे होगा। रथ यात्रा की तैयारियों को देखते हुए दोपहर 2:50 बजे के बाद मंदिर में आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन बंद कर दिए जाएंगे।
रथ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। इसके तहत बिरसा चौक से धुर्वा तक बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।
इसके अलावा पुरानी विधानसभा से मेला परिसर तक दोपहिया वाहनों के आवागमन पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।
प्रशासन के अनुसार धुर्वा से चांदनी चौक होते हुए बिरसा चौक तक वाहनों का आवागमन सामान्य रूप से जारी रहेगा। वहीं बिरसा चौक से धुर्वा जाने वाले वाहनों को भी चांदनी चौक मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आम लोगों से अपील की है कि वे यातायात संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें और रथ यात्रा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग करें।


