Ranchi : झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार एक बार फिर योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि ‘आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार’ कार्यक्रम ने ग्रामीणों का सरकार पर भरोसा मजबूत किया है।
मंत्री बुधवार को मांडर विधानसभा क्षेत्र के चान्हो प्रखंड अंतर्गत टांगर और लुंडरी पंचायत भवन में आयोजित जन-शिविरों में बतौर मुख्य अतिथि बोल रही थीं। उन्होंने कहा कि अधिकारी सरकार और जनता के बीच मजबूत कड़ी बनकर कार्य कर रहे हैं, जिससे योजनाओं का लाभ तेजी से पात्र लोगों तक पहुंच रहा है।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की इस पहल से विरोधियों की बेचैनी बढ़ गई है और वे भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। ग्रामीणों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे अफवाहों से दूर रहें और सभी सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ उठाएं।
मंत्री ने बताया कि अब प्रमाणपत्र, जॉब कार्ड, आधार, पेंशन सहित कई सेवाएं पंचायत स्तर पर ही उपलब्ध कराई जा रही हैं। लोगों को अब प्रखंड कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। शिविरों में उमड़ रही भीड़ इस बात का संकेत है कि लोग योजनाओं का लाभ ले रहे हैं और सरकार के प्रति उनका भरोसा बढ़ रहा है।
इस अवसर पर उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि शिविरों में मौके पर ही आवेदनों का निपटारा किया जा रहा है और लाभुकों को परिसंपत्तियों का वितरण भी किया जा रहा है।
कार्यक्रम में जिला आपूर्ति पदाधिकारी मोनी कुमारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, जिला परिषद सदस्य आदिल अजीम समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।

