Ranchi : फर्स्ट स्लिप स्कूल, बरियातू में सोमवार को ‘ग्रीन गिगल्स डे’ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर बच्चों ने न केवल पौधारोपण किया, बल्कि कविता प्रतियोगिता के जरिए प्रकृति के महत्व को भी रेखांकित किया। स्कूल में हरियाली को लेकर यह अनूठा आयोजन पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए किया गया था।
रांची खेलगांव में अग्निवीर भर्ती रैली, 22 अगस्त से 4 सितंबर तक
कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल की प्राचार्य चंदा सिंह द्वारा की गई। उन्होंने बच्चों को प्रकृति और पेड़ों के महत्व के बारे में बताया। प्राचार्या ने कहा कि “हर पौधा जीवन है, और हम सभी का कर्तव्य है कि धरती को हरा-भरा बनाए रखें।” उन्होंने छात्रों से यह संकल्प भी दिलवाया कि जिस दिन उनका जन्मदिन होगा, उस दिन वे एक पौधा अवश्य लगाएंगे।
बच्चों में इस पहल को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। सभी कक्षाओं के छात्रों ने अपने-अपने हाथों से पौधे लगाए और उन्हें नियमित रूप से देखभाल करने का वचन दिया। स्कूल परिसर में विभिन्न प्रकार के फूलों और फलों के पौधे लगाए गए, जिससे न केवल वातावरण शुद्ध होगा, बल्कि छात्रों को पेड़-पौधों की देखभाल का व्यवहारिक ज्ञान भी मिलेगा।
इस अवसर पर एक कविता प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसका विषय था — “प्रकृति हमारी माँ है।” बच्चों ने भावनात्मक और प्रेरणादायक कविताओं के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। प्रतिभागियों को उनकी प्रस्तुति के आधार पर सम्मानित भी किया गया।
आज की मुख्यअतिथि डा. समिधा सिंह ने कहा कि “बचपन से ही अगर बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी विकसित की जाए, तो वे बड़े होकर एक जिम्मेदार नागरिक बनेंगे और पर्यावरण की रक्षा करेंगे।”
विद्यालय प्रशासन ने इस आयोजन को साल भर चलने वाले अभियान का हिस्सा बताया। हर महीने एक दिन ‘ग्रीन डे’ के रूप में मनाया जाएगा, जिसमें बच्चे पौधारोपण, सफाई अभियान, पोस्टर मेकिंग और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेंगे।
फर्स्ट स्लिप स्कूल की यह पहल निश्चित रूप से एक हरी और स्वच्छ भविष्य की दिशा में सार्थक कदम है।

