Ranchi : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शनिवार को ईडी समन अवमानना मामले में रांची स्थित एमपी-एमएलए विशेष अदालत में पेश हुए। अदालत में जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मुख्यमंत्री सोरेन ने दो बेल बॉन्ड—प्रत्येक 7,000 रुपये—जमा किए। इसके बाद अदालत ने उन्हें जमानत प्रदान कर दी।
सुनवाई के दौरान राज्य के महाधिवक्ता (AG) राजीव रंजन भी मौजूद रहे।
इससे पहले झारखंड हाई कोर्ट ने व्यक्तिगत उपस्थिति से छूट देने की याचिका पर सुनवाई करते हुए मुख्यमंत्री को अदालत में सशरीर उपस्थित होकर बेल बॉन्ड भरने का निर्देश दिया था। हाई कोर्ट ने 4 दिसंबर को अंतरिम आदेश समाप्त करते हुए निचली अदालत को ट्रायल आगे बढ़ाने की अनुमति दी थी।
जमानत मिलने के बाद अब अगली सुनवाई में मुख्यमंत्री सोरेन को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने की बाध्यता नहीं रहेगी। वे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा बन सकेंगे।
गौरतलब है कि ईडी ने समन का पालन न करने को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। यह मामला एमपी-एमएलए विशेष अदालत में कांड संख्या 2/2024 के रूप में दर्ज है जिसकी सुनवाई जारी है।



