Ranchi : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मंगलवार को जेएसएससी द्वारा आयोजित झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (CGL) 2023 के माध्यम से चयनित 1910 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर राज्यवासियों को नव वर्ष का बड़ा तोहफा दिया। मोरहाबादी मैदान, रांची में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मुख्यमंत्री ने नव नियुक्त अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मेहनत और संघर्ष से प्राप्त यह सफलता अब राज्य की सेवा में समर्पित होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीजीएल परीक्षा के आयोजन में कई चुनौतियां आईं, लेकिन सरकार और जेएसएससी ने पूरी पारदर्शिता के साथ प्रक्रिया पूरी की। उनका कहना था, “इरादे नेक हों तो सफलता जरूर मिलती है।” उन्होंने अभ्यर्थियों को भरोसा दिलाया कि सरकार परीक्षाओं और नियुक्तियों में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है।
उन्होंने नव नियुक्तों से अपील की कि वे अपने साथ रहने वाले अन्य युवाओं को काबिल बनाने में मदद करें। इसके साथ ही, सरकार ने स्थायी और अनुबंध कर्मियों के लिए सुरक्षा एवं बीमा की व्यवस्था भी की है।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि 2019 से अब तक सरकार ने लगातार लाखों नौजवानों को नौकरी प्रदान की है। 2024 में सिर्फ एक वर्ष में ही लगभग 9000 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं और अब 1910 और अभ्यर्थियों को नियुक्त किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य गरीब, किसान, मजदूर, आदिवासी, दलित, महिला और नौजवानों को सशक्त बनाना है। मंइया सम्मान योजना और अन्य सरकारी योजनाओं के माध्यम से कमजोर वर्ग आत्मनिर्भर बन रहे हैं।
समारोह में मंत्री राधा कृष्ण किशोर, दीपक बिरुवा, संजय प्रसाद यादव, शिल्पी नेहा तिर्की, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक कल्पना सोरेन समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

