Ranchi : राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र में देर रात असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। निजाम नगर स्थित मोती मस्जिद रोड और मक्का मस्जिद रोड पर खड़ी आधा दर्जन से अधिक वाहनों में तोड़फोड़ कर उनके शीशे तोड़ दिए गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात अज्ञात बदमाशों ने सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियों को निशाना बनाया। क्षतिग्रस्त वाहनों में हुंडई वरना, टाटा नेक्सॉन, स्कॉर्पियो, सूमो समेत अन्य वाहन शामिल हैं। बदमाश वाहनों के शीशे तोड़ने के बाद मौके से फरार हो गए।
सुबह जब वाहन मालिक अपनी गाड़ियों के पास पहुंचे तो टूटे हुए शीशे देखकर इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि तोड़फोड़ करने वाले आरोपियों की पहचान की जा सके। फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





