लातेहार: जिले में उग्रवाद के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बालूमाथ थाना क्षेत्र के बरवाटोली गांव में पुलिस ने छापेमारी कर प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी के सक्रिय कमांडर रोहन गंझु को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके घर से एक देशी रायफल भी बरामद की है।
गांव पहुंचते ही पुलिस ने घेर लिया घर
बताया गया कि लातेहार एसपी कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि टीएसपीसी का सक्रिय कमांडर रोहन गंझु अपने गांव बरवाटोली आया हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना देर किए कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी।
एसपी के निर्देश पर बालूमाथ थाना प्रभारी अनुभव कुमार सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम बरवाटोली पहुंची। पुलिस ने रोहन गंझु के घर को चारों तरफ से घेर लिया और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
घर की तलाशी में निकली देशी रायफल
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को एक देशी रायफल मिली, जिसे जब्त कर लिया गया। पुलिस अब बरामद हथियार और आरोपी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
लातेहार-चतरा में दर्ज हैं कई मामले
डीएसपी उमेश प्रसाद सिंह ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में बताया कि रोहन गंझु के खिलाफ लातेहार जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में नक्सली हिंसा से जुड़े पांच से अधिक मामले दर्ज हैं। चतरा जिले में भी उसके खिलाफ कई मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस को मिली है।
पुलिस के मुताबिक, रोहन गंझु पहले भी कई उग्रवादी संगठनों से जुड़ा रहा है और लंबे समय से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस कार्रवाई में बालूमाथ थाना प्रभारी अनुभव कुमार सिन्हा, एसआई धीरज कुमार सिंह, देवेंद्र कुमार, मनोज कुमार समेत पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई को इलाके में उग्रवाद के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।


