मरकच्चो (कोडरमा)। मरकच्चो थाना क्षेत्र के पश्चिम मोहल्ला (प्रेम नगर) निवासी अनीश सिंह हत्याकांड में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी को शनिवार को गिरिडीह जिले के बिरनी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
मरकच्चो थाना प्रभारी नंदकिशोर तिवारी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि हत्याकांड में शामिल एक आरोपी धनबाद में छिपकर रह रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने धनबाद में छापेमारी की, लेकिन आरोपी को भनक लगने पर वह फरार हो गया। पुलिस ने उसका पीछा करते हुए गिरिडीह के बिरनी थाना क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रदीप सिंह (50 वर्ष), पिता स्वर्गीय सुरेश सिंह, निवासी पश्चिम मोहल्ला (प्रेम नगर), थाना मरकच्चो के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में इससे पहले दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
गौरतलब है कि 5 जून की रात एक होटल में हुए मामूली विवाद के बाद आरोपियों ने अनीश सिंह के घर में घुसकर उनके साथ मारपीट की थी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान 6 जून को कोडरमा सदर अस्पताल में उनकी मौत हो गई थी।
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने मरकच्चो थाना में आवेदन देकर छह लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में आधिकारिक रूप से किसी कारण की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।



