Jamshedpur : Jamshedpur Notified Area Committee (जेएनएसी) क्षेत्र में अब होटल, लॉज और पालतू कुत्तों का पंजीकरण अनिवार्य किया जाएगा। इस दिशा में जल्द ही प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया गया है। यह फैसला जेएनएसी के उप नगर आयुक्त Krishna Kumar की अध्यक्षता में आयोजित राजस्व समीक्षा बैठक में लिया गया।
बैठक में विभिन्न मदों से हो रहे राजस्व संग्रह की बिंदुवार समीक्षा की गई। उप नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप संग्रह सुनिश्चित किया जाए।
सैरात और बाजार शुल्क पर फोकस
उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने सैरात और बाजार शुल्क से होने वाले राजस्व पर चिंता जताते हुए कहा कि इन मदों में नगर निकाय की आय बढ़ाने की पर्याप्त संभावनाएं हैं। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सैरात स्थलों और बाजारों का नियमित निरीक्षण कर शुल्क वसूली को पारदर्शी और प्रभावी बनाया जाए।
होटल-लॉज पंजीकरण अनिवार्य
बैठक में नगर क्षेत्र में संचालित होटल और लॉज के पंजीकरण की स्थिति पर भी चर्चा हुई। उप नगर आयुक्त ने बताया कि झारखंड नगरपालिका अधिनियम के तहत सभी होटल और लॉज का पंजीकरण अनिवार्य है। इसके लिए जल्द ही विशेष पंजीकरण अभियान चलाने का निर्देश दिया गया, ताकि अपंजीकृत प्रतिष्ठानों को दायरे में लाकर राजस्व हानि रोकी जा सके।
पालतू कुत्तों का भी होगा रजिस्ट्रेशन
इसके साथ ही बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जेएनएसी क्षेत्र में पालतू कुत्तों के पंजीकरण की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, इससे न केवल नगर निकाय की आय मजबूत होगी, बल्कि शहरी स्वच्छता, सार्वजनिक स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्था में भी सुधार होगा।
उप नगर आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व सुदृढ़ीकरण से ही नगर क्षेत्र में बेहतर नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकती हैं।

