Patna : जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (पटना एयरपोर्ट) पर पांच वर्ष बाद पार्किंग शुल्क में संशोधन किया गया है। नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। सबसे बड़ा बदलाव निजी 7-सीटर कारों और एसयूवी की पार्किंग फीस में किया गया है।
पहले 30 मिनट तक पार्किंग के लिए 20 रुपये शुल्क लिया जाता था, जिसे बढ़ाकर 40 रुपये कर दिया गया है। हालांकि, दोपहिया वाहनों के लिए पहले 30 मिनट का शुल्क 10 रुपये ही रखा गया है।
पिक एंड ड्रॉप के लिए 9 मिनट की सीमा
एयरपोर्ट प्रशासन ने पिक एंड ड्रॉप व्यवस्था में भी बदलाव किया है। अब एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश से निकास तक वाहनों के लिए अधिकतम 9 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। इससे अधिक समय तक रुकने पर अतिरिक्त शुल्क देना होगा।
इसके अलावा, ओला, उबर और अन्य कैब सेवाओं के चालकों को आगमन (Arrival) या प्रस्थान (Departure) क्षेत्र तक जाने के लिए 55 रुपये का शुल्क देना होगा। सभी नई दरें जीएसटी सहित लागू की गई हैं।
बड़े वाहनों के लिए भी बढ़ा शुल्क
नई दरों के अनुसार:
- 7 सीट से अधिक क्षमता वाले वाहन, ऑटो और बड़ी एसयूवी के लिए पहले 30 मिनट का शुल्क 20 रुपये से बढ़ाकर 80 रुपये कर दिया गया है।
- कोच, बस और ट्रक के लिए पहले 30 मिनट का शुल्क 30 रुपये से बढ़ाकर 200 रुपये कर दिया गया है।
30 मिनट से 2 घंटे तक की पार्किंग दरें
- दोपहिया वाहन: 15 रुपये (कोई बदलाव नहीं)
- 7-सीटर कार और एसयूवी: 55 रुपये से बढ़ाकर 65 रुपये
- 7 सीट से अधिक क्षमता वाले वाहन: 80 रुपये
- कोच, बस और ट्रक: 300 रुपये
बी श्रेणी के एयरपोर्ट के अनुरूप तय हुई नई दरें
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, पटना एयरपोर्ट ‘बी’ श्रेणी के हवाई अड्डों में शामिल है। इसी कारण यहां की नई पार्किंग दरें देश के अन्य बी श्रेणी के एयरपोर्ट के अनुरूप निर्धारित की गई हैं।










