Greater Noida : ग्रेटर नोएडा: नॉलेज पार्क-2 स्थित जीएनआईओटी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (GIMS) ने अपने नवप्रवेशित पीजीडीएम कोर्स के विद्यार्थियों के लिए एक पाँच दिवसीय आउटबाउंड ट्रेनिंग प्रोग्राम का सफल आयोजन किया। यह प्रशिक्षण 10 जुलाई से 14 जुलाई 2025 तक उत्तराखंड के जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क में संपन्न हुआ।

सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में अग्निशमन प्रशिक्षण का आयोजन, बच्चों को दी गई सुरक्षा की जानकारी
इस विशेष प्रशिक्षण का उद्देश्य छात्रों में नेतृत्व कौशल, टीमवर्क, निर्णय क्षमता, समस्या समाधान और भावनात्मक बुद्धिमत्ता जैसे गुणों का विकास करना था। छात्रों को अकादमिक वातावरण से बाहर निकालकर उन्हें वास्तविक जीवन की परिस्थितियों से रूबरू कराने के लिए इस प्रोग्राम को व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से डिजाइन किया गया था।
प्रशिक्षण के दौरान छात्रों ने मैनेजमेंट गेम्स, लीडरशिप रोल-प्ले, कोलैबोरेशन टास्क, और माइंड चैलेंज एक्टिविटीज में भाग लिया। हर गतिविधि को इस तरह से तैयार किया गया था कि विद्यार्थी सामूहिक प्रयासों, रणनीतिक सोच और नेतृत्व क्षमता का प्रयोग करते हुए लक्ष्यों को प्राप्त कर सकें।
इन गतिविधियों की देखरेख प्रशिक्षित फील्ड एक्सपर्ट्स और संस्थान के अनुभवी फैकल्टी सदस्यों ने की। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा जंगल सफारी, जहाँ छात्रों ने प्रकृति के निकट जाकर वन्य जीवन और जैव विविधता का अध्ययन किया। इस अनुभव से छात्रों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता, धैर्य और आत्मनिरीक्षण जैसे मानवीय गुणों का विकास हुआ।
संस्थान के सीईओ स्वदेश कुमार सिंह ने बताया कि आउटबाउंड ट्रेनिंग प्रोग्राम का उद्देश्य केवल प्रबंधकीय दक्षता का विकास नहीं था, बल्कि छात्रों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर वास्तविक जीवन की चुनौतियों का सामना करना सिखाना भी था। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण छात्रों के व्यक्तित्व विकास और कॉर्पोरेट जगत की तैयारी में अत्यंत सहायक होते हैं।
इस आयोजन में लगभग 450 नवप्रवेशित छात्र और 60 शिक्षक व स्टाफ सदस्य शामिल हुए। कार्यक्रम की सफलता ने जीआईएमएस की प्रैक्टिकल लर्निंग आधारित शिक्षा प्रणाली को और अधिक प्रभावशाली और प्रासंगिक सिद्ध किया। संस्थान भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा, जिससे विद्यार्थी शैक्षणिक ही नहीं बल्कि व्यावहारिक रूप से भी सशक्त बनें।






