मुकेश रंजन
Ranchi: रांची जिला कांग्रेस सेवादल ने शुक्रवार को राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को ज्ञापन सौंपकर रिनपास, कांके की प्रभारी निदेशक डॉ. जयति सिमलाई को तत्काल पद से हटाने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जिला कांग्रेस सेवादल के जिलाध्यक्ष रोहित कुमार साहू ने किया।

ज्ञापन में कांग्रेस सेवादल ने आरोप लगाया कि प्रभारी निदेशक के कार्यकाल में रिनपास लगातार विभिन्न विवादों के कारण सुर्खियों में रहा है, जिससे संस्थान की प्रतिष्ठा और विश्वसनीयता प्रभावित हुई है। संगठन का कहना है कि प्रभारी निदेशक के विरुद्ध विभिन्न मामलों से संबंधित न्यायालय में मुकदमे लंबित हैं तथा वित्तीय अनियमितताओं और खरीद प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों की शिकायतें भी सामने आई हैं।
कांग्रेस सेवादल ने यह भी आरोप लगाया कि ओपीडी में मरीजों की भर्ती के नाम पर अवैध वसूली की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। साथ ही हाल के दिनों में एक ज्वेलर्स कंपनी द्वारा निदेशक कक्ष में प्रचार-प्रसार संबंधी बैठक आयोजित किए जाने को भी संस्थान की गरिमा के विपरीत बताते हुए इस पर गंभीर आपत्ति जताई गई।
प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री से मांग की कि लगाए गए सभी आरोपों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही जांच पूरी होने तक डॉ. जयति सिमलाई को प्रभारी निदेशक के पद से हटाकर किसी अन्य सक्षम अधिकारी को संस्थान की जिम्मेदारी सौंपी जाए, ताकि जांच प्रक्रिया निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो सके।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यदि इस मामले में समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो इससे न केवल रिनपास की साख प्रभावित होगी, बल्कि सरकार और सत्तारूढ़ दल की छवि पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
इस अवसर पर प्रदेश सचिव मदन कुमार महतो, पंकज कुमार, मृदुल राज सहित कांग्रेस सेवादल के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



