- मार्गदर्शिका जारी करने का आग्रह
मुकेश रंजन
Ranchi: त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधि संघ झारखंड के अध्यक्ष विकास कुमार महतो ने शुक्रवार को झारखंड के महामहिम राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर पंचम राज्य वित्त आयोग मद के अंतर्गत पंचायतों को आवंटित राशि के उपयोग के लिए विस्तृत मार्गदर्शिका जारी करने की मांग की।
राज्यपाल को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए पंचायतों को अनुदान राशि आवंटित कर दी गई है, लेकिन योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश अब तक जारी नहीं किए गए हैं। इसके कारण पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं के संचालन और राशि के उपयोग में कठिनाइयां उत्पन्न हो रही हैं, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
विकास कुमार महतो ने कहा कि यदि शीघ्र मार्गदर्शिका जारी कर दी जाती है तो पंचायत प्रतिनिधियों को योजनाओं के चयन, स्वीकृति और क्रियान्वयन में सुविधा होगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने राज्यपाल से इस मामले में आवश्यक पहल करते हुए संबंधित विभाग को जल्द निर्देश देने का आग्रह किया।
उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार पंचायतों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेगी, जिससे ग्रामीण विकास योजनाओं का सुचारू, पारदर्शी और प्रभावी संचालन सुनिश्चित हो सके।
मौके पर जिला परिषद सदस्य मनोज बाजपेयी, मुखिया कुशेन्द्र पाहन समेत कई पंचायत प्रतिनिधि एवं संघ के पदाधिकारी उपस्थित थे।


