Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची से एक भावुक कर देने वाली घटना सामने आई है। राटू रोड स्थित इंद्रपुरी रोड नंबर-9 के एक मंदिर में आरती के दौरान पुजारी को अचानक हार्ट अटैक आ गया, जिससे उनकी मौत हो गई। मृतक की पहचान आचार्य रजनीकांत मिश्रा के रूप में हुई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार शाम आचार्य रजनीकांत मिश्रा रोज की तरह भगवान की संध्या आरती कर रहे थे। मंदिर में भजन-कीर्तन और शंखनाद के बीच श्रद्धालु आरती में शामिल थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्होंने अपनी छाती पकड़ी और कुछ ही पलों में पूजा स्थल पर बेहोश होकर गिर पड़े।
पुजारी के गिरते ही मंदिर में मची अफरातफरी
पुजारी के अचानक गिरने से मंदिर परिसर में अफरातफरी मच गई। आरती में मौजूद श्रद्धालु तुरंत उनकी सहायता के लिए दौड़े। घटना के समय भाजपा के वरिष्ठ नेता रमेश सिंह समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मंदिर में मौजूद थे। सभी ने मिलकर आचार्य मिश्रा को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया।
हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।
श्रद्धालुओं में शोक की लहर
स्थानीय लोगों ने बताया कि आचार्य रजनीकांत मिश्रा बेहद सरल, सौम्य और धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे। भगवान की आरती करते हुए उनका इस तरह निधन हो जाना सभी के लिए गहरे सदमे की बात है।
मंदिर प्रबंधन के अनुसार, जब आचार्य मिश्रा मंदिर पहुंचे थे, तब वह पूरी तरह स्वस्थ नजर आ रहे थे। लेकिन आरती के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और हार्ट अटैक के कारण उनका निधन हो गया।



