Ahmadabad : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 के दूसरे क्वालिफायर में पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 5 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। यह जीत पंजाब के लिए ऐतिहासिक रही, क्योंकि 11 साल बाद टीम ने आईपीएल फाइनल में जगह बनाई है। अब मंगलवार को फाइनल में उसका सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) से होगा, जो पहले ही फाइनल में पहुंच चुकी है। खास बात यह है कि दोनों टीमें अब तक एक भी आईपीएल खिताब नहीं जीत सकी हैं, ऐसे में इस बार टूर्नामेंट को नया चैंपियन मिलने जा रहा है।
Also Read : सरना धर्म कोड से फायदा नहीं, केवल भ्रम और नुकसान – प्रदीप टोप्पो
बारिश के कारण देरी से शुरू हुए मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 203 रन बनाए। टीम की ओर से तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव ने 44-44 रन की अहम पारियां खेलीं, जबकि नामन धीर ने 37 रन जोड़े। टीम ने पावरप्ले में आक्रामक शुरुआत की और आखिरी के ओवरों में टिककर खेलते हुए 200 का आंकड़ा पार किया।
जवाब में पंजाब की शुरुआत भी तेज रही। जोश इंग्लिस ने जसप्रीत बुमराह के एक ओवर में 20 रन बटोरे, जिससे टीम ने पावरप्ले में ही 64 रन बना लिए। मिडल ओवर्स में नेहाल वढेरा (48) और कप्तान श्रेयस अय्यर ने संभलकर खेलते हुए मैच को पंजाब के पक्ष में झुका दिया।
श्रेयस अय्यर ने कप्तानी के साथ बल्लेबाजी में भी कमाल कर दिया। उन्होंने केवल 41 गेंदों में नाबाद 87 रन बनाए, जिसमें 6 छक्के और 4 चौके शामिल थे। उन्होंने आखिरी ओवर से पहले ही मैच खत्म कर दिया और टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई। इस पारी के साथ अय्यर आईपीएल इतिहास में तीन अलग-अलग टीमों को फाइनल में पहुंचाने वाले पहले कप्तान बन गए हैं।
अब 3 जून को फाइनल मुकाबला पंजाब किंग्स और आरसीबी के बीच खेला जाएगा, जिसमें कोई एक टीम अपना पहला खिताब जीतकर इतिहास रचेगी।



