New Delhi : नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘परीक्षा पे चर्चा’ (PPC) के 9वें संस्करण के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। यह कार्यक्रम छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों को परीक्षा के तनाव, करियर और जीवन से जुड़े अहम विषयों पर प्रधानमंत्री से सीधे संवाद करने का मंच प्रदान करता है। ‘परीक्षा पे चर्चा’ हर साल लाखों छात्रों को परीक्षा के डर से बाहर निकालकर उन्हें आत्मविश्वासी ‘एग्जाम वॉरियर्स’ बनने के लिए प्रेरित करता है।
परीक्षा पे चर्चा 2026 के लिए रजिस्ट्रेशन 1 दिसंबर 2025 से शुरू हो गया है और इसकी अंतिम तिथि 11 जनवरी 2026 तय की गई है। इच्छुक प्रतिभागी MyGov पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। इस कार्यक्रम में कक्षा 6वीं से 12वीं तक के छात्र, शिक्षक और अभिभावक भाग ले सकते हैं।
कार्यक्रम में चयन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और योग्यता आधारित होती है। पीएम मोदी से संवाद का अवसर किसी सिफारिश या आवेदन से नहीं, बल्कि ऑनलाइन बहुविकल्पीय प्रतियोगिता के माध्यम से मिलता है। चयनित प्रतिभागियों को लाइव कार्यक्रम में प्रधानमंत्री से सीधे सवाल पूछने का मौका दिया जाता है।
अब तक 18.78 लाख से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं, जिनमें 17 लाख से ज्यादा छात्र शामिल हैं। यह आंकड़ा दर्शाता है कि छात्रों के बीच इस कार्यक्रम को लेकर कितना उत्साह है।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों को NCERT की ओर से आधिकारिक प्रमाण पत्र दिया जाएगा। वहीं, शॉर्टलिस्ट किए गए प्रतिभागियों को पीएम मोदी के साथ लाइव कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिलेगा। पिछले वर्षों में विजेताओं को प्रधानमंत्री द्वारा लिखित ‘एग्जाम वॉरियर्स’ पुस्तक और विशेष किट भी प्रदान की गई थी।
गौरतलब है कि ‘परीक्षा पे चर्चा’ 2025 ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था, जिसमें 245 से अधिक देशों के छात्रों और 150 से ज्यादा देशों के शिक्षकों-अभिभावकों ने भाग लिया था। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि PPC 2026 क्या पिछला रिकॉर्ड तोड़ पाएगा।

