- नीरजा सहाय डीएवी में ऑनलाइन मनाया गया विश्व तंबाकू निषेध दिवस
- पोस्टर व स्लोगन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता, अभिभावकों संग ली नशामुक्ति की शपथ
मुकेश रंजन
Ranchi : कांके स्थित नीरजा सहाय डीएवी पब्लिक स्कूल में शनिवार को विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर ऑनलाइन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय में ग्रीष्मकालीन अवकाश रहने के बावजूद विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ कार्यक्रम में भाग लेकर तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए पोस्टर निर्माण एवं स्लोगन लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने आकर्षक पोस्टरों और प्रेरक नारों के जरिए लोगों को तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों से दूर रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों ने तंबाकू और अन्य नशे के उत्पादों से दूर रहने तथा समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती किरण यादव ने अपने संबोधन में कहा कि तंबाकू सेवन न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक रहने तथा दूसरों को भी तंबाकू से होने वाले नुकसान के प्रति सचेत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन एवं मार्गदर्शन विद्यालय के वरीय शिक्षक श्री संजीव प्रसाद के नेतृत्व में किया गया। विद्यालय परिवार ने इस अवसर पर स्वस्थ, जागरूक एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प दोहराया।
विश्व तंबाकू निषेध दिवस के इस आयोजन ने विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी का भी संदेश दिया।



