Ranchi: रांची के मैकलुस्कीगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों की बेरहमी से हत्या कर दी। यह दर्दनाक वारदात धूप बस्ती इलाके में हुई, जहां आरोपी रवि लोहरा अपने ससुराल में रह रहा था।
Also Read : “हक-अधिकार की गारंटी दो, वरना सरना धर्म कोड नहीं चाहिए : सोमा उराँव”
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मंगलवार तड़के किसी मामूली विवाद के बाद रवि लोहरा ने पहले अपनी 29 वर्षीय पत्नी रेणु देवी की सिलबट्टे से वार कर हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपने चार और पांच साल के दो मासूम बच्चों को भी मार डाला। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी रवि मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मैकलुस्कीगंज थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए रांची के रिम्स अस्पताल भेजा गया। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग स्तब्ध हैं।
रांची ग्रामीण एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है और मामले की जांच की जा रही है।



