सरायकेला-खरसावां: झारखंड के सरायकेला जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गम्हरिया थाना क्षेत्र के टाटा स्टील कॉम्प्लेक्स कॉलोनी में एक बेटे ने अपने ही पिता की धारदार हथियार (दावली) से कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना दोपहर की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान रामा नाथ दास (53) के रूप में हुई है, जो अपने बेटे के साथ फ्लैट में रहते थे। सूचना मिलने पर गम्हरिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी।
हत्या के बाद शव के पास बैठा रहा आरोपी
स्थानीय लोगों के मुताबिक वारदात के बाद आरोपी बेटे को पिता के शव के पास ही बैठा देखा गया। घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। एसडीपीओ समीर संवैया समेत पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया।
मोबाइल गेम की लत का दावा, जांच जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी बेटे के बारे में जानकारी मिली है कि वह कथित तौर पर ऑनलाइन मोबाइल गेम एविएटर की लत का शिकार था और मानसिक रूप से असंतुलित हो गया था। हालांकि, हत्या के असली कारणों का पता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने वारदात स्वीकार करने की बात कही है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

